भाजपा सरकार के 2 साल, हरियाणा हुआ बेहाल : हुड्डा

10/27/2016 8:43:56 AM

चंडीगढ़ (संघी): पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के 2 साल के शासन के पूरा होने के अवसर पर सरकार को कटघरे में खड़े करते कहा कि मौजूदा सरकार ने राज्य के किसी भी वर्ग की भलाई का कोई कार्य नहीं किया। 

 

उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के लिए 2 वर्ष का समय अपनी दिशा तय करने के लिए काफी होता है परंतु यह सरकार आगे जाने की बजाय पीछे जा रही है। वर्ष 2005 में जब कांग्रेस ने सत्ता संभाली थी तो उस समय किसानों की जमीन औने पौने दामों में अधिकृत की जाती थी। तब सरकार ने किसानों को अधिकतम कीमत दी जिसकी वजह से किसान की माली हालात में अभूतपूर्व सुधार आया। किसान को गन्ने की सबसे अधिक कीमत 310 रुपए प्रति क्विंटल दी। इसी प्रकार किसानों को धान, कपास व पापुलर आदि की इतनी ऊंची कीमत दी कि वे कर्ज मुक्त हो गए। कृषि के लिए बिजली दर केवल नाम मात्र रखी गई व किसानों के 1600 करोड़ रुपए के बिजली के बिल माफ किए गए। 

 

उन्होंने कहा कि विज्ञापन में भाजपा सरकार जो दावे कर रही है ऐसा कुछ भी नहीं है। किसान, कर्मचारी, व्यापारी व अन्य गरीब लोग भाजपा सरकार से बहुत परेशान है। इनकी भलाई के लिए वर्तमान सरकार ने कुछ भी नहीं किया। स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने से सरकार ने मना कर दिया है। पंचायतों को विकास के लिए कोई फंड नहीं दिया जा रहा, जिससे गांव का विकास बिल्कुल ठप्प हो गया है। इस 2 वर्ष की अवधि में सरकार ने एक भी बड़ा नया उद्योग नहीं लगाया। स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। डेंगू व चिकनगुनिया के बढ़ते मरीज व डॉक्टर्ज व अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों में रोष इस बात का प्रमाण है। कानून व्यवस्था वास्तव में ही बहुत खराब है। बढ़ती हुई घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य में कानून व्यवस्था जैसी कोई चीज ही नहीं है।
 


वीडियो देखने के लिए क्लिक करें