कैथल-करनाल रोड फोरलेन बनाने के लिए 138 करोड़ रुपए मंजूर : राव सुरेंद्र

6/14/2016 2:59:50 PM

कैथल: भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि कैथल-करनाल रोड को फोरलेन बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 138 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी है, जिस पर जल्द ही कार्य भी शुरू हो जाएगा। राव आज अपने निवास पर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सड़क के फोरलेन बनने से जहां लोगों को सफर सुगम होगा, वहीं होने वाले हादसों में भी कमी आएगी। राव ने कहा कि फोरलेन बनने से कैथल से करनाल का सफर 20 से 30 मिनट पहले तय किया जा सकता है। 

 

इसके साथ ही इस बीच पडऩे वाले गांवों के लोगों को भी सुविधा होगी। राव ने कहा कि उनकी हाल में मुख्यमंत्री से बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री ने इस मार्ग पर जल्द कार्य शुरू करवाने की बात कही है। गौरतलब है कि इस मार्ग की घोषणा मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष की थी। राव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कैथल का पूरा विकास करवाने का उन्हें आश्वासन दिया है।

 

 मुख्यमंत्री ने कैथल की विकास रैली में भी 135 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा कर कैथल हलके के विकास को चार-चांद लगाने का काम किया है। इससे पूर्व भी 2 वर्ष के दौरान कैथल के लिए मुख्यमंत्री ने करीब 165 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए जा चुके हैं। राव ने अपने निवास पर लोगों की समस्याएं सुनते हुए कुछ का अधिकारियों को आदेश देकर निपटान करवा दिया और कुछ समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।

 

इस मौके पर सुरेश क्योड़क, सरपंच दयौरा सुनील, चरण सिंह जसवंती, सुरेश खनौदा, जसबीर क्योड़क, रघुबीर फौजी, विनय गोयल इत्यादि उपस्थित थे।