महिला की संदिग्ध हालात में जहर खाने से मौत

8/19/2017 3:29:26 PM

कैथल(सुखविंद्र):गांव खुराना में एक 50 वर्षीय महिला ने दोपहर बाद जहर खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला की मौके पर ही मौत हो गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। मृतक महिला के भाई नंदलाल निवासी गांव करोड़ा की शिकायत पर सदर थाने में 3 महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

मृतक महिला के भाई नंदलाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी करीब 30 साल पहले गांव खुराना में मेवा सिंह के साथ हुई थी। उसकी बहन का पति कुछ साल पहले ही मर चुका है। उसके जीजा ने 2 शादी कर रखी थी। पहली शादी से उसके पास 2 लड़कियां थीं। दूसरी शादी उसकी बहन से हुई थी। उसकी बहन के पास एक लड़का और एक लड़की है। बहन के लड़के की शादी भी हो चुकी है। आरोप है कि उसके जीजा की पहली पत्नी, उसकी बेटी व उसकी बहन के बेटे की बहू ने उसकी बहन को आत्महत्या के लिए विवश कर दिया। 

जांच अधिकारी ए.एस.आई. जसबीर ने बताया कि मृतक महिला के भाई नंदलाल की शिकायत पर 3 महिलाओं शीला, प्रमिला व मूर्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। शव को नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया है।