खेतों पर काम से गए युवक की करंट लगने से मौत

8/17/2017 12:42:25 PM

पूंडरी(पंकेस):गांव फरल में बिजली का करंट लगने से एक लगभग 18 वर्षीय युवक सागर पुत्र गुरदयाल वाल्मीकि की मौत हो गई। बिजली विभाग की जरा सी लापरवाही पूरे भरे परिवार पर भारी पड़ गई। जानकारी देते हुए मृतक के ताऊ के लड़के अमरपाल ने बताया कि उनके चाचा का लड़का सागर (18) वर्षीय खेतों में काम से गया था और जहां पर खेतों में बिजली की तारे ढीली होने की वजह से बहुत नीचे से गुजर रही है। जहां पर सागर को करंट लगा वहां से 3 फिट की ऊंचाई तक ही बिजली की तारे लटकी हुई है। बिजली की ढीली तार सागर के शरीर से छू गई और सागर को जोरदार करंट लगा। बेसुध सागर लगभग मृत को वे कैथल ले गए जहां पर डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया। 

सागर की मां को तो दोपहर के 4 बजे तक भी यह बताया जा रहा था कि सागर ठीक है और उसके स्वास्थ्य में सुधार आ रहा है। मगर कैथल में सागर का पोस्टमार्टम चल रहा था और गांव के श्मशान घाट में सागर के अंतिम संस्कार की उसकी मां व परिवार की महिलाओं से चोरी चोरी तैयारी हो रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि सागर पूरी वाल्मीकि बस्ती में सबसे शरीफ व सुशील लड़का था और दिहाड़ी मजदूरी के बल पर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पूरे गांव में गमगीन माहौल था और साथ साथ में बिजली विभाग के प्रति रोष भी था। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग की लापरवाही रोज न जाने कितनी मां के कितने लालों को लील रही है लेकिन विभाग को इससे क्या। ग्रामीणों की सरकार से मांग है कि सागर जोकि बहुत गरीब परिवार से है सरकार सागर के परिवार को कम से कम 10 लाख का मुआवजा दे और लापरवाह विभाग के कर्मचारी व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। 

विभाग के एस.डी.ओ. एस.डी. कम्बोज से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारियों से उन्हें पता चला है और उन्हें सागर की मौत का दुख है। इस मामले की जांच के बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी।