गुहला में निरंतर बढ़ रही है डेंगू से ग्रस्त मरीजों की संख्या

10/14/2017 3:13:35 PM

गुहला (गोयल): गुहला में डेंगू से ग्रस्त मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है जिसके चलते दर्जनों मरीज स्थानीय अस्पतालों में भर्ती हैं। एक दर्जन के करीब लोग पंजाब के फोर्टीज व अन्य अस्पतालों में भर्ती हैं। डेंगू को लेकर लोगों में कितनी दहशत है इसका अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग रक्त जांच करवाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय प्रयोगशालाओं में पहुंच रहे हैं। हाल ही में 2 मरीज और सामने आए जिनमें एक युवा भाजपा नेता व उसकी पत्नी शामिल हैं। दोनों का ही महंगे अस्पताल में इलाज चल रहा है। लोगों का आरोप है कि शहर में कहीं भी सफाई नहीं है।

क्या कहना है एस.एम.ओ. का
एस.एम.ओ. संदीप बातिश ने बताया कि सरकारी तौर पर अभी तक एक भी मरीज उनके सामने नहीं आया जिसे डेंगू हो। परंतु उनके नोटिस में यह बात लाई गई है कि कुछ प्राइवेट अस्पतालों में ऐसे मरीज आ रहे हैं जिनमें डेंगू के लक्षण पाए जा रहे हैं। जिसके चलते अस्पतालों का सर्वे किया जा रहा है और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि डाक्टरों की टीम घर-घर जाकर डेंगू के प्रति लोगों को सचेत भी कर रही है।