घरेलू विवाद में महिला ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

10/1/2017 2:57:30 PM

पानीपत (अजय): बत्तरा कॉलोनीवासी एक महिला ने शुक्रवार रात को घरेलू विवाद के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया जिसके कारण उसकी शहर स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपित पति, देवर व ननद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पिता गांव फरल, पुंडरी, कैथल निवासी किरणपाल के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उसकी पुत्री प्रियंका(25) की शादी करीबन 5 साल पहले बत्तरा कालॉनीवासी प्रवीन के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ घरेलू विवाद करना शुरू कर दिया था। इस घरेलू विवाद के कारण ही प्रियंका ने शुक्रवार रात को कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने प्रियंका की बिगड़ती हालत देख उसे उपचार के लिए शहर में स्थित सुनील मैमोरियल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मॉडल टाऊन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके साथ ही मृतका प्रियंका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उससे पैसों की मांग करने की भी बात पुलिस अधिकारियों को कही। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर आरोपित पति, देवर नीरज, ननद गुड्डी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।