आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा प्याज, 70 रुपए प्रति किलो पहुंचा रेट

9/27/2019 1:23:04 PM

कैथल (महीपाल): प्याज के रेट निरंतर बढ़ रहे हैं। प्याज अब आम आदमी की पहुंच से दूर होता जा रहा है। प्याज का रेट 70 रुपए तक पहुंच गया है। 2 सप्ताह पहले प्याज के भाव 25 से 30 रुपए कि.ग्रा. तक थे। एकदम बढ़े हुए भाव से आमजन परेशान है। लोगों को हर सब्जी में प्याज का तड़का चाहिए। टमाटर का विकल्प है, परंतु प्याज के बिना जायका कैसे बनाएं। महाराष्ट्र में बाढ़ और राजस्थान में सूखे के कारण फलों और सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। 

लोकल मार्कीट में प्याज 70 और टमाटर 40 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। मूंग की दाल 80 रुपए तो प्याज भी इसी रेट पर बिक रहे हैं। टमारटर का रेट 40 रुपए प्रति किलो है। दाल में टमाटर और प्याज का तड़का लगाया जाए तो वह दाल से महंगा पड़ेगा। सब्जी मंडी के व्यापारियों का कहना है कि इस बार महाराष्ट्र में अधिक बारिश हुई। इसके चलते वहां से प्याज नहीं आ रहा। प्याज की बढ़ी कीमत को लेकर व्यापारियों की राय अलग-अलग है।

किसी का कहना है कि पैदावार में कमी के चलते भाव बढ़ रहे हैं तो किसी का कहना है कि देश में प्याज का स्टॉक कम है। इस कारण मंडियों में इनकी आवक कम हो गई है। खपत के मुकाबले उपलब्धता कम हो गई है। सब्जी विक्रेता राजेश ने बताया कि दक्षिण भारत में भारी बारिश से प्याज की फसल खराब हो गई थी। जरूरत के मुताबिक मंडियों में प्याज नहीं आ रहा। कीमत अधिक होने से इनके ग्राहक कम होने लगे हैं। राज रानी और पूनम ने मांग की कि प्याज की कीमत को नियंत्रित करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए।

ऐसा नहीं हुआ तो परेशानी बढ़ सकती है। व्यापारी दिनेश ने बताया कि हरियाणा में अधिकांश प्याज की आपूर्ति महाराष्ट्र से होती है। वहां मौसम खराब होने की वजह से आपूर्ति  प्रभावित हुई है। इससे प्याज के भाव बढ़े हैं। 1 महीने तक सम्भावित ही प्याज के दाम कम हो जाएंगे क्योंकि अलवर, गोवा में किसानों द्वारा प्याज की दूसरी किस्म लगाई गई है जो 1 महीने तक तैयार होकर बाजार में आ जाएगी। इससे प्याज के रेट में कमी होगी।

Isha