जम्मू की पी.डी.पी. और प्रदेश सरकार में कोई फर्क नहीं : सैनी

2/8/2018 1:03:47 PM

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीयाध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा कि सरकार को जाट आरक्षण की आड़ में गुंडागर्दी और आगजनी करने वाले हवालातियों को रिहा करने से पहले पुनर्विचार करना चाहिए। सरकार के इस कदम से न केवल कबीलावाद को बढ़ावा मिलेगा बल्कि दबंग लोग कानून को मक्कडज़ाल समझकर संविधान और सरकारों पर हावी रहेंगे। सांसद ने जम्मू-कश्मीर भाजपा पी.डी.पी. महबूबा मुफ्ती की सरकार को लपेटे में लिया। 

उन्होंने कहा कि महबूबा सरकार ने सेना पर पत्थर बरसाने वाले अंतंकियों की सजा माफ  करने का ऐलान किया है और इधर हरियाणा की मनोहर सरकार ने आगजनी, लूटपाट और निर्दोष लोगों के खून से हाथ रंगने वाले उपद्रवी हवालातियों को रिहा करने का ऐलान किया है, जोकि निंदनीय है। सैनी ने दोनों सरकारों के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि दबाव में आकर सरकारों की ओर से लिए गए इन निर्णयों से जहां कानून व्यवस्था पर असर पड़ेगा वहीं, सेना का भी मनोबल गिरेगा। 

दबंग लोग भविष्य में भी सरकारों को धमकाकर अपनी बात लठ के दम पर मनवाएंगे, यह गलत परंपरा समाज और देश पर भारी पड़ेगी। प्रदेश भाजपा की मनोहर सरकार और जम्मू की भाजपा व पी.डी.पी. में कोई अंतर नहीं है। राजकुमार ने कहा कि 2019 में प्रदेश के हितों से खिलवाड़ करने वाले से हिसाब चुकता किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और अंत्योदय का ढोल बजाने वाली भाजपा सरकार का यह निर्णय ताबूत की कील बनेगा।