कंटेनमैंट जोन में रह रहे लोगों की थर्मल स्कैनर से की जा रही हैं जांच : सी.एम.ओ.

4/6/2020 1:11:38 PM

कैथल (सुखविंद्र) : सिरटा रोड स्थित महादेव कालोनी के जिस क्षेत्र में कोरोना पॉजीटिव व्यक्ति रहा था, उस पूरे करीब 200 मीटर के क्षेत्र को कंटेनमैंट जोन बनाकर सील कर दिया गया है। डी.एस.पी. बलजिंद्र सिंह ने बताया कि इस एरिया में 4 नाके लगाए गए हैं। प्रत्येक नाके पर 4-4 कर्मचारियों की 24 घंटे तक ड्यूटी लगाई हुई। यहां रहने वाले लोगों पर पूर्णतया पाबंदी लगाई गई है।

अगर कोई जरूरी सामान की जरूरत है तो वह घर पर ही पहुंचाया जा रहा है। सी.एम.ओ. डा. राकेश ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर इस क्षेत्र में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य चैकअप कर रहे हैं। इस जोन में स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो थर्मल स्कैनर से सभी की जांच कर रहे हैं।  डी.एस.पी. बलजिंद्र सिंह ने महादेव कालोनी में लगाए गए नाके पर खड़े कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आप एक तरह से बॉर्डर पर खड़े हैं और लेकिन इस समय आपकी जिम्म्मेदारी और भी बढ़ गई है। इसलिए ऐहतियात बरतते हुए सभी हिदायतों का पालन करना है। इसके बाद डी.एस.पी. ने एस.एच.ओ. प्रदीप कुमार के साथ चारों नाकों का दौरा किया।

2 लोगों की अभी आनी हैं सैंपल रिपोर्ट
कैथल स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों अनुसार 12 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। इनमें से केवल 2 लोगों की सैंपल रिपोर्ट आनी बाकी है। जिले में अभी तक केवल एक पॉजीटिव केस आया है, जिसका अलग से इलाज किया जा रहा है।  

Isha