प्रेमजाल में फंसाकर युवती ने व्यक्ति को लगाया 4.52 लाख रुपए का चूना

10/16/2017 5:19:45 PM

कैथल (सुखविंद्र): प्रेमजाल में फंसाकर एक युवती ने व्यक्ति से मजबूरी का बहाना बनाकर 4 लाख 52 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पूंडरी पुलिस ने एक महिला सहित 3 के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पूंडरी के गांव नैना निवासी कर्म सिंह ने बताया कि 24 जुलाई को वह कैथल में किसी काम से आया था। काम निपटाने के बाद जब वह करनाल रोड बाईपास पर खड़ा था। उसी समय एक गाड़ी आई जिसमें एक लड़की व एक महिला पीछे सीट पर बैठी थी और ड्राइवर गाड़ी चला रहा था।

ड्राइवर ने उससे करनाल का रास्ता पूछा, उसने करनाल का रास्ता बता दिया। ड्राइवर ने उससे पूछा कि उसको कहां जाना है तो उसने अपने गांव नैना का नाम लिया। जिस पर व्यक्ति ने कहा कि वह साथ बैठ जाए। उसको उसके गांव में उतार दिया जाएगा। वह पीछे वाली सीट पर बैठ गया और पीछे बैठी लड़की से उसकी बातचीत हुई और उसने उसका नंबर ले लिया। करीब 5 दिन बाद उसके नंबर पर फोन आया। जिसमें एक लड़की बोल रही थी। जिसने कहा कि उसका चंडीगढ़ में कपड़ों का शोरूम है। कपड़ा आदि लेना हो तो वह उनको बता दे। वह लड़की की आवाज से प्रभावित हो गया और उसका फोन पर सम्पर्क रहा। उसने कहा कि हमें देसी घी की आवश्यकता है गांव से 3 किलो देसी घी दिलवा दो। उन्होंने घी कैथल के बस स्टैंड पर मंगवाया।

वह कैथल बस स्टैंड पर देसी घी देने के लिए चला गया। उन्होंने उसको 3 किलो घी के पैसे दिए जिसके कारण उसका उन पर विश्वास और बढ़ गया। कुछ दिन बाद उस लड़की का फोन आया और कहा कि वह परिवार के साथ गोवा घूमने के लिए जा रही है। अगर उसको भी साथ चलना है तो चलो। जिस पर उसने मना कर दिया। लड़की ने फोन पर अपना नाम टीना बताया। अगले दिन फिर से उसके नंबर पर फोन आया कि उनका गोवा से सामान चोरी हो गया है। उसके खाते में 30,000 रुपए डलवा दो। उसने एक बैंक खाते में 30,000 रुपए डलवा दिए। दो-तीन दिन के बाद फिर से उसके नंबर पर फोन आया कि सामान चोरी होने के कारण उसकी मां की तबीयत खराब हो गई है। 50 हजार रुपए की आवश्यकता है। 16 अगस्त को उसने उनके खाते में 45,000 रुपए डलवा दिए।


टीना ने फिर से उसके पास फोन किया कि उसकी माता जो बीमार थी वह सौतेली थी, जिसकी मौत हो चुकी है। उसकी मां के परिवार वालों ने उनके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है, जिसमें आपका नाम भी है। टीना गुप्ता व उसके परिवार वालों ने उस पर पुलिस केस का दबाव बनाकर उससे 4 लाख 52 हजार रुपए हड़प लिए। इस घटना के बाद वह काफी सहम गया था। कर्म सिंह ने बताया कि बैंक के खाते नंबर व भेजे गए पैसे की जानकारी पुलिस को दी है। उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके पैसे वापस दिलवाए जाएं। ए.एस.आई. ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक महिला सहित 2 अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।