10 दिन बाद मिली दिव्यांग महिला, दुष्कर्म का आरोप

9/22/2018 12:01:16 PM

घरौंडा(टिक्कू): बाल पबाना गांव से बीते 10 रोज पहले गायब हुई दिव्यांग महिला आखिरकार जींद जिले से उसके परिजनों ने खोज ली है। पीड़ित महिला ने अपने परिजनों व पुलिस को बताया कि गांव का ही एक 60 वर्षीय व्यक्ति उसे झांसा देकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गया और उसके साथ कई दिनों तक दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने रेप पीड़िता की मैडीकल जांच करवाई और आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 

पीड़ित महिला के परिजनों ने बताया कि उनके गांव का एक व्यक्ति ने कहा कि अपाहिज लोगों के लिए पैंशन बनाई जा रही है। पैंशन बनाने का हवाला देकर वह इस महिला को अपने साथ ले गया। कई दिनों तक जब गायब हुई महिला का कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने पुलिस चौकी मुनक में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म की शिकायत मिली है। मैडीकल करवाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है जिसको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  
 

Deepak Paul