महिलाओं से किराया वसूलने वाली निजी बसों को किया जब्त

8/30/2015 10:37:53 AM

करनाल (लाम्बा): परिवहन विभाग तथा राज्य परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई के दौरान निजी परिवहन समिति की 5 बसें पकड़ी जिन्हें जब्त कर दिया गया।

इन बसों में प्रदेश सरकार द्वारा रक्षा बंधन पर महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा के आदेश का उल्लंघन किया जा रहा था। इस तरह की कार्रवाई रोडवेज के बस स्टैंडों तथा बाहर भी की गई। प्रदेश सरकार द्वारा इस साल रक्षा बंधन पर भाईयों को राखी बांधने के लिए जाने वाली महिलाओं की बसों में यात्रा नि:शुल्क करने की सुविधा जारी रखी।

सरकार के निर्देशों के बाद भी परिवहन समितियों की निजी बसों तथा प्राइवेट बसों में आज महिलाओं से किराया वसूला जा रहा था। इसकी शिकायतें बार-बार विभाग को मिल रही थीं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राज्य परिवहन विभाग तथा रोडवेज के अधिकारियों ने संयुक्त अभियान चलाया।

आर.टी.ए. योगेश कुमार ने बताया कि विभाग को आदेश मिले थे। इसके बाद आज सुबह से शाम तक महिलाओं से किराया वसूलने वाली निजी बसों की धरपकड़ की। जिन बसों में महिलाओं से किराया लिया गया उनसे किराया भी वापस करवाया गया। इस दौरान 5 बसों को जब्त किया गया।