विधानसभा सेशन में कई मुद्दे उठाएंगे : हुड्डा

9/1/2015 10:01:43 PM

करनाल,  (कमल मिड्ढा) :  पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा है कि प्रदेश की  भाजपा सरकार हर मुद्दे पर फेल हो चुकी है। दस महीने में ही यह पहली सरकार सामने आई है जिसने लोगों के बीच अपना जनाधार खो दिया है। लोग अब चुनाव की बात करने लगे हैं। वे मंगलवार देर शाम करनाल के विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

हुड्डा ने कहा कि करनाल में सभी कांग्रेसी विधायकों के साथ मिलकर रणनीति  बनाएंगे। चंडीगढ़ में कल से शुरू होने वाले विधानसभा सेशन में करनाल से एक साथ होंगे रवाना। विधानसभा सेशन बहुत छोटा है,पर बहुत सारे मुद्दे उठाएंगे। भाजपा सरकार की नीयत थी पंचायती चुनाव टालने की,मगर उसे कामयाब नहीं हाेने देंंगे।
 
उन्होंने कहा कि कल से शुरू होने वाले विधानसभा सेशन में हम सभी उन मुद्दों को उठाएंगे जो भाजपा सरकार पूरे नहीं कर पा रही है, वहीं हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार का बयान थेा कि सेशन लम्बा होना चाहिए तो अब क्यों दो या तीन दिन का रख रही है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के राज में किसान फसल की अच्छी कीमत  पाता था और ठाठ से कार में घूमता था, लेकिन भाजपा के राज में किसानों की फसलों के दाम ओंधे मुंह गिरे हैं। दाम कम मिल रहे हैं। फसलें खराब होने के बाद किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। 
 
पंचायती चुनाव को लेकर लागू किये गए नए-नियमों को लेकर भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीयत ही थी पंचायती चुनाव को टालने की। न्यायालय में भी सरकार की किरकरी हुई है। चुनावों को लेकर नया नियम लागू करने से पहले भाजपा सरकार को पंचायती प्रतिनिधियों को समय देना चाहिए, जब चुनाव सिर पर हैं तो यह नियम लागू किया गया है।