किसानों काे याद अाने लगा कांग्रेसी शासन : हुड्डा

10/3/2015 2:45:14 PM

करनाल : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा आज  यहां नई अनाज मंडी का दौरा करने पहुंचे। उन्होंने किसानों और आढतियों की समस्याएं सुनी। किसानों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान और व्यापारी वर्ग पूरी तरह उपेक्षा का शिकार है। किसानों को अपनी उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है जिससे किसान अपनी फसल औने पौने दामों पर बेचने को मजबूर है। जो हालत वर्तमान सरकार ने किसानों की कर दी है उससे प्रदेश के लोग फिर से कांग्रेस शासन को याद करने लगे हैं जब किसानों को उनकी उपज का पूरा दाम मिलता था। 

उन्होंने कहा कि आज किसान की कृषि लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है जिससे किसान खेती से विमुख होते जा रहे हैं, अगर यही हालत रही तो प्रदेश में भुखमरी की हालत पैदा हो जाएगी। उन्होंने कहा की आज किसान के साथ साथ आढती भी सरकार की दोहरी मार से परेशान हैं। एक और टैक्सों का बोझ और दूसरी तरफ अधिकारियों की मनमानी से आढतियों का काम करना दुश्वार होता जा रहा है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का वादा कर सत्ता तो हथिया ली है, लेकिन अब उसने अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया है। जिन्होंने कभी खेती नहीं की वे आज किसानों के लिए नीतियाँ तैयार कर रहे हैंं भाजपा सरकार के इस बचकाने रवैये से किसान आज बर्बादी की कगार पर पहुँच चूका है। पहले ही मौसम की मार झेल चुके किसान की धान का आज मंडियों में कोई खरीदार तक नहीं है , मंडी अधिकारी से लेकर निजी संस्थाएं भी किसान की मजबूरी का जमकर फायदा उठा रही है। कांग्रेस किसानों और व्यापरियों की इस बेकद्री को बिलकुल सहन नहीं करेगी और जनता के बीच उनकी आवाज उठाएगी। इसी मकसद से आज  वह मुख्यमंत्री के विधानसभा  क्षेत्र की नई अनाज मंडी में किसानों की समस्याएं सुनने पहुँचे हैं !