अब परीक्षाओं व बच्चों की बीमारी के दौरान मिल सकेगा सी.सी.एल. का लाभ

9/9/2018 3:52:58 PM

करनाल(नरवाल): अब शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को केवल बच्चों की बीमारी या फिर उनकी परीक्षाओं के दौरान ही सी.सी.एल. (चाइल्ड केयर लीव) का लाभ देगा। अब तक विभाग केवल मैडीकल ग्राऊंड पर ही सी.सी.एल. दे रहा था, जबकि बाकी के लिए सत्र के दौरान कर्मचारियों की सी.सी.एल. बंद की हुई थी। ऐसे में शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को राहत मिलेगी। शिक्षा विभाग ने कुछ दिनों पहले निर्देश जारी कर कर्मचारियों की चाइल्ड केयर लीव पर पाबंदी लगा दी थी। खास तौर पर शिक्षकों की पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की सी.सी.एल. नहीं देने के निर्देश दिए गए थे

 केवल आपात स्थिति (मैडीकल ग्राऊंड) पर ही सी.सी.एल. देने का प्रावधान रखा गया था, जिस कारण कर्मचारियों को परेशानी हो रही थी। शिक्षक संगठनों के माध्यम से उच्चाधिकारियों को बच्चों की बीमारी, परीक्षा के दौरान व अन्य विशेष परिस्थितियों में सी.सी.एल. का लाभ देने की मांग रखी गई थी, जिसे अब जल्द ही लागू कर दिया जाएगा। पिछले दिनों हुई सभी जिला शिक्षा अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए गए कि केवल बच्चे की बीमारी या परीक्षा के दौरान ही कर्मचारियों का सी.सी.एल. का लाभ मिलेगा। यह अवधि दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार तय की जाएगी कि कितने दिन तक सी.सी.एल. दी जा सकती है। 

सी.सी.एल. बंद की हुई है  : डी.ई.ओ.
जिला शिक्षा अधिकारी ईश्वर सिंह मान ने बताया कि विभाग द्वारा कर्मचारियों की सी.सी.एल. बंद की हुई है। पिछले दिनों हुई बैठक में निर्देश दिए गए थे कि केवल बच्चों की बीमारी या उनकी परीक्षा के दौरान ही कर्मचारी को सी.सी.एल. प्रदान की जाए। इसके अलावा मैडीकल बेस पर पहले ही कर्मचारियों को सी.सी.एल. दी जा रही थी। 
 

Deepak Paul