153 करोड़ में बनेगी डायल 100 परियोजना, 15 मिनट में पीड़ित तक पहुंचेगी सहायता

11/28/2017 11:57:57 AM

करनाल(पांडेय):प्रदेश में आपराधिक मामलों को कम करने तथा पीड़ित को निष्पक्ष न्याय दिलवाने के लिए हरियाणा सरकार ने डायल 100 परियोजना की शुरूआत करने का निर्णय लिया है। इस योजना के शुरू होने के बाद प्रदेश के सभी हिस्सों में कंट्रोल रूम पर फोन करने के महज 15 मिनट के अंदर पीड़ित व्यक्ति तक पुलिस पहुंच जाएगी। इसके लिए पंचकूला में सैंट्रल कंट्रोल बनाया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने सोमवार को करनाल के सिविल थाने में 8 मित्र कक्षों का उद्घाटन करते हुए की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 153 करोड़ रुपए अनुमानित खर्च किया जाएगा। 

इसके उद्घाटन 1 नवम्बर, 2018 किया जाएगा। परियोजना में हरियाणा सरकार द्वारा पुलिस को 600 गाडिय़ां दी जाएंगी जोकि पीड़ित की पुलिस सहायता के लिए प्रयोग की जाएंगी। इन गाडिय़ों में से प्रत्येक जिले में 30 से 35 गाडिय़ां मिल सकेंगी। पहले चरण में करनाल व रोहतक में 8-8 मित्रकक्ष खोले जा रहे हैं। यदि यह प्रणाली सफल होती है तो पूरे हरियाणा के थानों में मित्रकक्ष खोलने की योजना है। गृह सचिव एस.एस. प्रसाद ने 26 नवम्बर की दोनों रैलियों की सफलता के लिए हरियाणा पुलिस को 10 अंक में से 20 अंक देने की घोषणा की।

2011 पुलिस रूल लागू करे हरियाणा सरकार : संधू
डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने कहा कि हरियाणा सरकार ने जो 2011 पुलिस रूल बनाया है, उसे लागू किया जाए। इससे पुलिस की चौधर तो कम होगी लेकिन आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।