हरियाणा गवर्नमैंट पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन ने किया रोष प्रदर्शन

5/22/2019 12:05:07 PM

करनाल : हरियाणा गवर्नमैंट पी.डब्ल्यू.डी. मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन ने हरियाणा सरकार की जल-मल की सेवाएं नगर निगम के हवाले करने के विरोध में राज्य कमेटी के आह्वान पर काले बिल्ले लगाकर विरोध दर्ज किया। सचिव धर्मवीर जांगड़ा ने बताया कि हरियाणा सरकार ने 16 अक्तूबर को करनाल व सोनीपत शहर की जल-मल की व्यवस्था नगर निगम के हवाले करने के निर्णय लिया था तथा उसके बाद यमुनानगर, पानीपत, रोहतक व हिसार की भी जल-मल की व्यवस्था नगर निगम को देने की योजना थी।

संगठन ने एक मार्च को जनस्वास्थ्य मंत्री डा. बनवारी लाल के आवास पर एक प्रदर्शन कर अनिश्चितकालीन धरने का आयोजन किया था। धरने के दौरान मंत्री ने 5 मार्च को संगठन से बातचीत में आश्वासन दिया था कि आगामी 4 शहरों की जल-मल की व्यवस्था नगर निगम को नहीं सौंपी जाएगी तथा करनाल व सोनीपत की व्यवस्था भी वापस दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री अपने दिए गए आश्वासन पर कायम नहीं रहे तथा आचार संहिता के रहते ही यह 4 शहर भी नगर निगम को सौंप दिए। इसके विरोध में संगठन ने 6 मई को पूरे प्रदेश में उपायुक्तों पर प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन मुख्य सचिव के नाम भिजवाए थे। 

सरकार ने  इस आंदोलन से अपने फैसले को नहीं बदला। इसका कोई असर होता ना देख संगठन ने फैसला लिया है कि 21, 22 व 23 मई को पूरे प्रदेश के पी.डब्ल्यू.डी. के कर्मचारी विरोध स्वरूप काले बिल्ले लगाएंगे तथा 24 मई को पूरे प्रदेश में काले झंडे व काले बैनर के साथ जनस्वास्थ्य मंत्री की वायदाखिलाफी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर ओमप्रकाश माटा, जिला प्रधान सतपाल सरोहा, ओमप्रकाश, रोहताश, जयपाल, रंग लाल संधू, सरूप सिंह विर्क, सुनील तुली, वेद प्रकाश व शमशेर आदि मौजूद रहे।

Isha