बाबाओं को व्यापारी व व्यापारियों को बाबा बना रही सरकार: हुड्डा

7/24/2017 11:36:08 AM

करनाल(सरोए):अंग्रेजी सरकार ने भी 100 साल पहले मुल्तान के व्यापारियों पर टैक्स लगाया था, जिसको व्यापारियों के तीव्र विरोध के चलते वापस लेना पड़ा था। अब भी केंद्र सरकार ने जी.एस.टी. के मूल सिद्धांतों को बदलकर जी.एस.टी. लगाया है, उसको लेकर व्यापारियों में भारी विरोध है। व्यापारी विरोध स्वरूप सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह शब्द पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रेलवे रोड स्थित रामलीला भवन में जी.एस.टी. के विरोध में प्रदेश स्तरीय व्यापारी सम्मेलन में कहे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सम्मेलन में मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपराधियों  को जेल में डालने का काम किया था, जबकि भाजपा सरकार व्यापारियों को जेल में डालने की बात कर रही है। सरकार बाबाओं को तो व्यापारी बना रहे है, जबकि व्यापारियों को बाबा। उन्होंने कहा कि वे जी.एस.टी. के मूल सिद्धांतों का विरोध नहीं करते लेकिन जो केंद्र सरकार जी.एस.टी. लेकर आई है, उसके प्रारूप का विरोध करते हैं। कपड़े पर जी.एस.टी. लगाकर कपड़ा उद्योग को ठप्प कर दिया, जिससे 10 करोड़ लोगों को रोजगार मिला हुआ है।