कमरे में सो रही पत्नी को इस हालत में देख पति के उड़े होश (देखें तस्वीरें)

4/29/2016 12:11:37 PM

करनाल (कमल मिड्ढा): शहर के तरावड़ी के वार्ड नंबर-6 स्थित प्रेम कालोनी में एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल के सामने उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में लोगों ने महिला के शव को खून से लथपथ फर्श पर देखा। महिला की एेसी हालत देख आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। 

 

मिली जानकारी के अनुसार प्रेम कालोनी में रहने वाली महिला उर्मिला पुत्री चेतराम की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला उर्मिला रात को कमरे में अकेली सो रही थी। महिला का पति राम बहादुर और उसकी बेटी ऊपर छत पर सो रहे थे।

 

सुबह जब साढ़े-5 बजे के करीब महिला का पति राम बहादुर नीचे कमरे में आया तो पत्नी उर्मिला को फर्श पर खून से लथपथ देख उसके होश उड़ गए। राम बहादुर ने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी।

 

पड़ोसियों की मदद से सुबह- करीब साढ़े-6 बजे एस.एच.ओ. नरेश चंद्र समेत कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आस-पास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाऊस रखवा दिया है।

 

इधर मृतक महिला उर्मिला के पति राम बहादुर ने 2 लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात करीब साढ़े-10 बजे 2 व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर पास के ही एक मकान में आए थे। वह पड़ोसी मकान मालिक को जोर-जोर से आवाजें लगा रहे थे। उन्हें लगता है कि शायद उन लोगों ने घर में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया हो। उनके नाम सोनू और उत्तम बताए जा रहे हैै।

 

फिलहाल पुलिस पूछताछ के आधार पर जांच कर रही है। इस बारे में जब थाना प्रभारी तरावड़ी नरेश चंद्र से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि महिला उर्मिला का पोस्टमार्टम करवा दिया है। ऐसे में दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।