जल्दी ही उद्योगपतियों को प्लाट आबंटित कर दिए जाएंगे: गोयल

7/24/2016 3:27:15 PM

करनाल (कमल मिड्ढा): विपुल गोयल का करनाल पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की।

 

जानकारी के अनुसार प्रदेश के नवनियुक्त उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है। उस पर वह खरा उतरेंगे और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान औद्योगिक विकास करेंगे। करनाल में पहुंचने पर उनका जहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुसार उन क्षेत्रों की जरुरत के हिसाब से उद्योग लगाए जाएंगे, जहां इनका उपयोग हो। 

 

उन्होंने कहा कि हरियाणा को एक विकसित प्रदेश बनाया जाएगा। हेपनिंग हरियाणा मीट में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अनेक बड़े औद्योगिक घरानों ने प्रदेश में निवेश की इच्छा जताई है जो हरियाणा की उद्योग नीति की सफलता है। मंत्री ने कहा की लोगों के सुझावों से प्रदेश की नई उद्योग नीति तैयार हो चुकी है और उसमें किसी संसोधन की जरुरत पड़ी तो किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास करना है, इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा हरियाणा में उद्योगों के लिए प्लाट आबंटन निति तैयार हो गई है और इसकी प्रक्रिया को आसान बनाया गया है ताकि जल्दी से उद्योग लग सकें। विपुल गोयल ने कहा कि जल्दी ही उद्योगपतियों को प्लाट आबंटित कर दिए जाएंगे।