सरकार ने 4 साल में रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान का किया प्रबंध : सी.एम.

10/16/2018 2:16:47 PM

करनाल(पांडेय): सी.एम. मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने 4 वर्षों के दौरान सबका साथ-सबका विकास की सोच के साथ प्रदेश में रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान जैसी 6 मूलभूत जरूरतों को पूरा करने पर बल दिया है। अब वे सरकार के 5वें वर्ष में प्रवेश होने पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित स्वच्छता एवं सद्भावना पदयात्राओं के माध्यम से जनता के बीच जाकर सरकार की इन उपलब्धियों की जानकारी दे रहे हैं ताकि प्रदेश का हर गरीब, जरूरतमंद व्यक्ति इनका लाभ उठा सके। सी.एम. सोमवार को शहर के शहीद मदनलाल ढींगड़ा चौक पर एकत्रित नागरिकों को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व सी.एम. ने अमर शहीद मदनलाल ढींगड़ा की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित किए और यही से पदयात्रा की शुरूआत की।   

सी.एम. ने बताया कि सरकार की सामाजिक व आॢथक विकास की नीतियों के फलस्वरूप बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत मिशन जैसे कार्यक्रम सफलतापूर्वक लागू किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सन 2022 तक सभी के लिए छत अथवा मकान मुहैया करवाए जाएंगे। हरियाणा में ऐसे साढ़े 3 लाख परिवार चिन्हित किए गए हैं, जिनकी प्रक्रिया पूरी हो गई है। प्रदेश में कई जगहों पर अफोर्डेबल हाऊस बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त हाऊसिंग बोर्ड हरियाणा द्वारा 7 हजार तथा निकाय विभाग की ओर से 15 हजार मकान बनाए जाएंगे। गरीब परिवारों के इलाज के लिए दुनिया की सबसे बड़ी आयुष्मान भारत देशभर में लागू की गई है। इस योजना की शुरूआत हरियाणा से ही की गई है और इससे साढ़े 14 लाख परिवारों को लाभ मिलेगा। योजना के तहत साल में 5 लाख रुपए तक का इलाज खर्च सरकार वहन करेगी। 

ऐेसे परिवारों को भी इस योजना से जोड़ा जा रहा है, जो वर्ष 2011 की सामाजिक आॢथक जनगणना और बी.पी.एल. की सूची में शामिल नहीं हैं लेकिन वे गरीब व जरूरतमंद की श्रेणी में शामिल हैं। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकार की ओर से मुफ्त रसोई गैस कनैक्शन दिए जा रहे हैं। बिजली के बिलों में भारी कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत दी गई है।  सी.एम. ने बताया कि पद यात्राएं प्रदेश के सभी हलकों में संबंधित विधायकों के नेतृत्व में की जा रही हैं। करनाल के लोगों ने मुझे विधायक बनाकर जनता की सेवा करने का दायित्व दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में पदयात्रा करने के बाद अब द्वितीय चरण में शहर में लोगों से सम्पर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पदयात्राओं का सिलसिला जारी रहेगा। 

इस अवसर पर घरौंडा के विधायक एवं हैफेड के चेयरमैन हरविन्द्र कल्याण, हरियाणा शूगर फैडरेशन के अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश कथूरिया, सी.एम. के ओ.एस.डी. अमरेन्द्र सिंह, स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र, केशकला एवं बोर्ड हरियाणा के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द, पूर्व मंत्री शशि पाल मेहता, जिला महासचिव योगेन्द्र राणा, हरियाणा सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य आजाद सिंह, निवर्तमान मेयर रेनु बाला गुप्ता, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, भाजपा नेता अशोक सुखीजा, मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता, अशोक भंडारी, पूर्व पार्षद वीर विक्रम सिंह, अशोक जैन, मुकेश अरोड़ा, राज सिंह, राजेश वोहरा, कृष्ण तनेजा, कुलदीप गुप्ता, काछवा के पूर्व सरपंच बिटू आदि मौजूद रहे। 

Rakhi Yadav