यमुना क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी, बाढ़ कंट्रोल रूम बनाया

8/19/2019 3:45:57 PM

इंद्री: बरसात के चलते यमुना नदी उफान पर है और रविवार के दिन हथनीकुंड बैराज से करीब साढ़े 8 लाख क्यूसिक से ज्यादा पानी यमुना नदी में छोडऩे से यमुना नदी क्षेत्र के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा गया है। देर रात तक क्षेत्र से पानी गुजरने की संभावना है। इसके लिए प्रशासन ने इन्द्री हलका के चौगावां, हंसू माजरा, चन्द्राव, गढ़ी बीरबल, नाबियाबाद, जपती छपरा, सैय्यद छपरा, कमालपुर गडरियान, डबकौली खुर्द व डबकौली कलां,  शेरगढ़ टापू, जडौली, नबीपुर, कुण्डा कलां आदि गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ संभावित गांवों पर नजर रखे हुए हैं और गांवों में मुनादी कराकर किसानों को हिदायत दी गई है कि कोई भी व्यक्ति यमुना नदी की तरफ खेतों में न जाए।

किसानों ने खेतों से पानी मोटर व अन्य समान लेकर गांव में लेकर आने में जुट गए हैं, ग्रामीण पशुओं के चारे का प्रबंध कर रहे हैं। जिला उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बयान जारी कर क्षेत्र के यमुना के साथ लगते गांवों में ग्रामीणों को सख्त हिदायत जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश की सीमाओं के साथ लगते पड़ोसी राज्यों में अधिक बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है, कोई भी नदी के पास न जाए और न ही नदी में नाव आदि लेकर जाएं। उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा के लिए सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग तथा पशु पालन विभाग को भी बाढ़ आने की स्थिति में राहत पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है और इन सभी विभागों को अगले 48 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहने व अधिकारियों तथा कर्मचारियों को अपना स्टेशन न छोडऩे के लिए भी आदेश दिए गए हैं।

जिले में यमुना नदी के सभी किनारों पर भी नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा बाढ़ आने की स्थिति में सभी प्रकार के बाढ़ राहत उपकरण व सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है तथा प्रशासन द्वारा बाढ़ कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसी भी किनारे के टूटने तथा पानी के ऑवरफ्लो होकर गांव में घुसने की स्थिति की सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर- 2267271 तथा पुलिस कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 100 पर अविलम्ब सांझा करें।  आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए प्रशासन द्वारा जारी हिदायतों का पालन करते हुए हर संभव सहयोग करें। 

Isha