डेयरी संचालक युवक ने विवाहिता से किया दुष्कर्म का प्रयास

4/27/2016 1:56:42 PM

करनाल: इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक महिला के साथ एक डेयरी संचालक युवक ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। विफल होने पर युवक ने महिला पर नुकीली वस्तु से हमला किया जिससे वह बेहोश हो गई। उसके परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। महिला की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली एक महिला अपने घर की तरफ जा रही थी। डेयरी चलाने वाले बिल्लू नामक युवक ने महिला को हाथ पकड़ कर मकान में घसीट लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। अपने प्रयास में विफल होकर युवक ने महिला पर तेजधार हथियार से पहले हमला किया। बाद में नुकीली वस्तु से कंधे में वार किए। इसके बाद महिला बेहोश हो गई। महिला का शोर सुनकर उसकी बहन और मां वहां पहुंचीं।

उन्होंने दरवाजा खट खटाया और शोर मचाया। इसके बाद युवक भाग गया। महिला ने बताया कि उसे होश नहीं रहा कि वह कहां है। उसे अस्पताल में होश आया। महिला अपने परिजनों के साथ महिला थाना में पहुंची जहां उसने शिकायत दर्ज करवाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।