काम्बोज ने कहा, बिजली बिल की समस्या पिछली सरकार की देन

10/10/2015 3:14:20 PM

इन्द्री,(मैनपाल) : हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि बिजली बिल की समस्या पिछली सरकार की देन है। बिजली निगम एक स्वतंत्र निकाय है। वर्तमान में निकाय का चेयरमैन व अन्य सदस्य पिछली सरकार द्वारा बनाए हुए है और वे जान बूझकर सरकार की छवि को खराब करने में लगे हुए हैं। इस बात को लेकर वर्तमान हरियाणा सरकार द्वारा कड़ा संज्ञान लिया गया और उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट आते ही लोगों को राहत प्रदान की जाएगी। 

मंत्री काम्बोज इन्द्री स्थित अपने कार्यालय में खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा कि हरियाणा सरकार जल्दी ही बिजली बिल की समस्या का समाधान निकालने के लिए प्रयास कर रही है। लोगों को भारी-बरकम बिल से निजात दिलाएगी। सरकार अपने चुनावी वायदें पर कायम है और लोगोंं को 24 घंटे बिजली उपलब्ध करवाएगी। मुख्यमंत्री, मंत्री व विधायकों द्वारा अपने क्षेत्र के एक-एक फीडर को मॉडल फीडर बनाने के लिए गोद लिया हुआ है। उन फीडरों से अब 15 से 18 घंटे बिजली की सप्लाई दी जा रही है जब लाइन लोसिज शत-प्रतिशत खत्म हो जाएगा तो लोगों को 24 घंटे बिजली मिलेगी। 
एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री कर्णदेव काम्बोज ने कहा कि हरियाणा एक ऐसा प्रदेश है जहां गऊओं के संवर्धन और संरक्षण के लिए गऊ संरक्षण कानून बनाया गया है। इस कानून की पूरे हिन्दूस्तान में सराहना हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार द्वारा भी जल्दी ही गऊ संरक्षण अधिनियम बनाकर गऊ माता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। गऊ के प्रति हिन्दू धर्म के लोगों की गहन आस्था है, उसे माता मानते हैं।