2 महिला पार्षदों को नोटिस जारी

2/12/2019 1:12:58 PM

घरौंडा (टिक्कू): नगरपालिका सदन के 2 महिला पार्षदों द्वारा चुनाव नामांकन में फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग किए जाने का मामला उच्च न्यायालय पहुंच गया है। न.पा. अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने वार्ड संख्या 2 व वार्ड संख्या 5 की महिला पार्षदों पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए माननीय उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में केस दायर किया है। चेयरमैन सुभाष गुप्ता ने बताया कि महिला पार्षदों द्वारा किए गए घालमेल पर संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट की तरफ से दोनों पार्षदों को नोटिस जारी हो चुके हैं। दोनों महिला पार्षदों को न्यायालय ने 13 फरवरी को तलब किया है।

चुनाव नामांकन में की गई हेराफेरी का मामला कोर्ट पहुंचने से दोनों पार्षदों की सदस्यता पर तलवार लटक गई है। बागी पार्षदों द्वारा उपायुक्त करनाल को न.पा. अध्यक्ष सुभाष गुप्ता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिए जाने के बाद न.पा. सदन में खींचतान चरम सीमा पर पहुंच गई है। बीती 19 जनवरी को अध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने प्रैस वार्ता के जरिए वार्ड संख्या 2 की महिला पार्षद बबली देवी व उसके पति अनिल कुमार पर चुनाव नामांकन में दस्तावेजों में हेराफेरी के आरोप लगाए थे।

वार्ड 2 की पार्षद बबली देवी के आरोपों में घिरने के बाद वार्ड संख्या 5 की पार्षद नीलम सिंगला की सदस्यता पर भी सवाल उठ खड़े हुए हैं। अध्यक्ष द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पार्षद नीलम सिंगला ने चुनाव नामांकन में शैक्षणिक योग्यता साबित करने के लिए स्कूल लिविंग सर्टीफिकेट दिया था। इस प्रमाण पत्र के अनुसार नीलम सिंगला दिल्ली के स्कूल में 9वीं कक्षा की छात्रा रही। सुभाष गुप्ता ने कहा कि चुनाव आयोग के नियमानुसार नामांकन के समय उम्मीदवार को 8वीं कक्षा पास होने का प्रमाण पत्र देना होता है लेकिन नीलम सिंगला ने ऐसा नहीं किया है।

Deepak Paul