कार में लिफ्ट लेकर बैठे बाप-बेटे से बंदूक तान 20 हजार लूटे

1/11/2019 1:57:36 PM

घरौंडा(टिक्कू): पानीपत टोल प्लाजा से एक कार में लिफ्ट लेकर बैठे बाप-बेटे के साथ घरौंडा ओवरब्रिज पर गन प्वाइंट पर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने बाप-बेटे पर बंदूक तान 20 हजार रुपए लूटे। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

बुधवार की देर रात गांव रांवर निवासी विनोद शर्मा अपने 10 वर्षीय पुत्र के साथ पानीपत गया हुआ था। पानीपत टोल प्लाजा से विनोद ने एक कार वाले से लिफ्ट ली। शिकायतकत्र्ता विनोद शर्मा के मुताबिक गाड़ी में चालक सहित 3 व्यक्ति पहले से ही सवार थे। करीब सवा 9 बजे घरौंडा ओवरब्रिज पर पहुंचने के बाद कार चालक ने गाड़ी को साइड में रोका और वे सभी गाड़ी से बाहर आ गए। जिनमें से एक व्यक्ति ने विनोद को रिवॉल्डर दिखाई और उसके पास से पर्स छीन लिया।

 विनोद ने पुलिस को बताया है कि उसके पर्स में 5 हजार रुपए की नकदी और बैंक ए.टी.एम. कार्ड थे। बदमाशों ने 5 हजार की नकदी छीन ली और गन प्वाइंट पर ए.टी.एम. कार्ड का सिक्रेट पासवर्ड पूछा और उनमें से एक बदमाश ओवरब्रिज से नीचे उतरा और ए.टी.एम. से 15 हजार रुपए की नकदी निकलवाकर वापस आ गया। बदमाश बाप-बेटे को ओवरब्रिज पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित विनोद अपने बेटे के साथ पुलिस थाने में पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत पुलिस को दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज पर रांवर के विनोद कुमार ने 20 हजार की लूटपाट की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 
 

Deepak Paul