स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट को मिली गति, अगले सप्ताह से खुलेंगे टैंडर

6/26/2019 12:18:27 PM

करनाल (पांडेय): स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट में करनाल के शामिल होने के बाद भी लंबे समय से प्रोजैक्ट के तहत विकास कार्यों का इंतजार कर रहे शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है।  मुगल कैनाल फेस-2 और स्मार्ट क्लास प्रोजैक्ट का कार्य अगले सप्ताह से शुरू हो सकता है। इसके अलावा 400 करोड़ के अन्य विकास कार्य भी 2 से 3 माह में शुरू हो सकते हैं। इस संबंध में मंगलवार को नगर निगम कमिश्रर व स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजीव मेहता ने पै्रस कांफैं्रस कर जानकारी दी।  उन्होंने कहा कि मुगल कैनाल फेज-2 की फाइनैंशियल बिड करीब एक पखवाड़े में खुलने जा रही है जो स्मार्ट सिटी के ए.बी.डी. अर्थात 720 एकड़ के एरिया बेस्ड डिवैल्पमैंट का एक मुख्य भाग है। 

ए.बी.डी. में कुल 40 प्रोजैक्ट शामिल हैं, जिन पर केन्द्र व राज्य सरकार के बराबर अनुपात में 1022 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। दूसरी ओर पैन सिटी के तहत 17 परियोजनाओं पर काम होगा। आई.सी.टी. कम्पोनैंट्स पर आधारित पैन सिटी सॉल्यूशन में 17 प्रोजैक्ट लिए जाएंगे, जिस पर 150 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। इनमें ऑटोमैटिक ट्रैफिक कंट्रोल व 360 डिग्री पर घूमने वाले अत्याधुनिक कैमरे तथा ऑटोमैटिक डाटा सैंटर स्थापित किया जाएगा जो नगर निगम की सैक्टर-12 स्थित नई बिल्डिंग में रहेगा, जहां ऑप्रेटर बैठेंगे।

बता दें कि करनाल प्रधानमंत्री के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत 100 शहरों की चुनौतीपूर्ण प्रतिस्पर्धा के तीसरे दौर में स्थान पाकर 23 जून 2017 को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल हो गया था जिसके बा उम्मीद की जा रही थी कि एक साल में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।  हालांकि अब विकास कार्यों को गति मिलती नजर आ रही है। इस प्रैस वार्ता में उप निगमायुक्त धीरज कुमार, अधीक्षण अभियंता रमेश मड़ान तथा करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड के जनरल मैनेजर एस.पी. ठकराल भी मौजूद रहे।  

Isha