CM सिटी में बढ़ा चोरों का आतंक, पुलिसकर्मी के घर से नकदी व लाखों के गहने चोरी

1/15/2018 4:31:15 PM

करनाल (नरवाल): सी.एम. सिटी में चोरी की वारदातें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्होंने पुलिसकर्मी के घर को भी नहीं छोड़ा। वारदात प्रेम नगर में रहने वाले एक पुलिस कर्मी संजीव कुमार के घर पर हुई। संजीव वासी प्रेम नगर ने पुलिस को शिकायत दी कि वह शनिवार को अपनी फैमिली के साथ दिल्ली गया था। गत दोपहर करीब 1 बजे जब घर आया तो मकान के बाहर तो ताला लगा हुआ था, लेकिन जब वह घर में प्रवेश किया तो देखा कि चोरों ने कमरे मे लगी खिड़की को तोड़ रखा था। वहीं घर में रखी अलमारी और कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। तलाशी ली तो अलमारी से 20 तोले सोने के गहने, अलमारी में रखे 2 लाख रुपए कैश व उनकी पत्नी के बैग में रखे 25 हजार रुपए गायब थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया। शिकायत के आधार पर मामला कार्रवाई शुरू कर दी।

इससे पहले भी हुई पुलिस कर्मी के घर चोरी
काबिले गौर है कि गत दिनों मधुबन एकैडमी के एक पुलिसकर्मी के घर भी चोर दिन-दिहाड़े सेंध लगाकर कीमती सामान व नकदी ले गए थे, जबकि चोरी के दौरान पुलिसकर्मी के घर वाले घर पर ही मौजूद थे। इससे पाता चलता है कि सी.एम. सिटी में पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं।

क्या कहते हैं व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता
व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता किशोर नागपाल ने बताया कि सी.एम. सिटी होते हुए भी यहां के चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं जो दिन रात लोगों की सुरक्षा करते हैं उनके घरों में ही चोरियां हो रही हैं, बाकी लोगों का क्या होगा। उन्होंने मांग की है कि करनाल में जगह-जगह सी.सी.टी.वी. लगवाए जाएं।

सिटी थाना प्रभारी राजबीर सिंह यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेम नगर में रहने वाले संजीव कुमार के घर शनिवार देर रात चोरी कर ली है। संजीव कुमार हरियाणा पुलिस में मधुबन में कार्यरत है। पुलिस ने शिकायत के आधार मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।