शहर की तर्ज पर चौड़ी होंगी देहात की सड़कें

6/24/2019 10:52:54 AM

करनाल (मनोज): देहात की सड़कें अब शहर की तर्ज पर चौड़ी होंगी। इस प्लान को सरकार से पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है। प्रशासनिक अनुमति आने के बाद पी.डब्ल्यू.डी. अब फाइल को आगे बढ़ाएगा। कतलाहेड़ी से कूचपुरा की करीब 8 किलोमीटर सड़क का टैंडर 19 जून को ओपन हो चुका है। हाल ही में 6 सड़कों को चौड़ा करने की प्रशासनिक अनुमति और मिली है। इनमें अलावला से डाचर, जुंडला से औंगद, डाचर से अच्छनपुर, अच्छनपुर से रुगसाना और सिरसी से असंध की सड़क शामिल हैं। इन सभी को 12 से 18 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस प्रोजैक्ट के लिए 14.35 करोड़ का एस्टीमेट बनाया है। पी.डब्ल्यू.डी. के अधिकारियों की मानें तो जुलाई के पहले सप्ताह में इन सभी सड़कों का टैंडर लगा दिया जाएगा। 

सड़कें चौड़ी होंगी, हरियाली भी बचाएंगे 
बीते साल 5 सड़कें चौड़ी करने के लिए 4029 पेड़ काटे गए थे। यह आंकड़ा करनाल-कुंजपुरा, रमाना-रमानी, एन.डी.आई. से आई.टी.आई चौक, हांसी चौक से बड़ौता व करनाल से कुंजपुरा की सड़कों का है। वन विभाग के अनुसार इनकी एवज में 52660 पौधे शेखपुरा व बस्सी के जंगलों में लगाए जाएंगे। अच्छी बात यह है कि देहात की इन सड़कों को चौड़ा करने के लिए पेड़ों की बलि नहीं देनी पड़ेगी। हालांकि इन सड़क के दोनों ओर बड़ी मात्रा में पेड़ हैं लेकिन इन्हें काटे बिना ही सड़कों को दोनों तरफ 3-3 फीट चौड़ा किया जाएगा। हां, रास्ते में जो इक्का-दुक्का पेड़ आएंगे उन्हें जरूर हटाना पड़ेगा। 

घटेगा हादसे का ग्राफ 
देहात की इन सड़कों के चौड़ा होने से हादसे का ग्राफ घटेगा। यह सभी सड़कें फिलहाल 12 फीट चौड़ी हैं। अधिकतर सड़कों में गड्ढे भी हो चुके हैं। इसलिए रात के अंधेरे में एक्सीडैंट का खतरा बढ़ जाता है। टैंडर में सड़कें चौड़ी होने के साथ ही इन पर बिटुमिन की लेयर भी डाली जाएगी। गड्ढों से भी मुक्ति मिलने पर हादसों में कमी आएगी। सड़कों की मुरम्मत के बाद हरपथ एप से भी शिकायतों का बोझ कम होगा।

Naveen Dalal