हजारों आशा वर्कर्स ने जमाया सी.एम. सिटी में डेरा

7/17/2018 9:59:22 AM

करनाल(पांडेय): सरकार के साथ 1 फरवरी को हुए समझौते को लागू करवाने की मांग को लेकर सोमवार से हजारों आशा वर्करों ने करनाल में डेरा डाल दिया है। प्रदेश के सभी जिलों से पहुंची आशा वर्कर्स में सरकार के रवैये को लेकर रोष जताते हुए कहा कि बड़े शर्म की बात है कि समझौता होने के बाद भी सरकार ने 6 महीने बाद भी नोटिफिकेशन जारी नहीं किया। वहीं यूनियन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत में उपायुक्त करनाल की चंडीगढ़ में हुई बातचीत के आधार पर अतिरिक्त उपायुक्त व एस.डी.एम. करनाल ने कहा कि वित विभाग से फाईल अप्रूव हो गई है। संभवत: कल ही नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। 

इसके बाद वर्करों ने घोषणा की कि जब तक नोटिफिकेशन नहीं जारी हो जाता सभी आशा वर्कर्स करनाल में ही जमी रहेंगी। महापड़ाव को सीटू के प्रदेश अध्यक्ष सतबीर सिंह, सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव सुभाष लांबा, सीटू कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, महासचिव जयभगवान, सचिव आनंद शर्मा, जगपाल राणा, यूनियन नेताओं सुनीता, अनिता, रानी, मीरा, सुधा, नीलम, शर्बजीत, कमलेश एस के एस नेता कृष्ण शर्मा, सतपाल सैनी, सुशील गुज्जर आदि ने संबोधित किया। 

उन्होंने कहा कि सरकार का आशाओं के प्रति यह रुूख बेहद गैर जिम्मेदाराना है। सरकार के स्वास्थ्य मंत्री व विभाग के तमाम बड़े अधिकारियों ने मांगों पर समझौता किया था। 6 महीने के बाद भी उसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नोटिफिकेशन जारी करे वरना यह आन्दोलन और विस्तार लेगा। 

Rakhi Yadav