कैंटर व बाइक की टक्कर में 2 घायल

8/22/2018 11:54:35 AM

घरौंडा (टिक्कू): हाईवे पर एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक कैंटर के अगले हिस्से में फंस गई। बाइक पर सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नजदीक के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। डाक्टरों ने दोनों की हालात गंभीर देखते हुए उन्हें करनाल के कल्पना चावला मैडीकल कालेज में रैफर कर दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।सोमवार की देर शाम करीब सवा 9 बजे गढ़ी मुल्तान निवासी नितिन पुत्र धर्मपाल अपने साथी शुभम के साथ घरौंडा की तरफ जा रहा था। सरकारी स्कूल स्टेडियम के नजदीक सामने से आ रहे एक कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चालक ने संतुलन खो दिया और बाइक कैंटर के नीचे घुस गई।

कैंटर चालक कैंटर छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे में नितिन व शुभम गम्भीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने गंभीर हालत में दोनों युवकों को सी.एच.सी. में भर्ती करवाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी। जांच अधिकारी रोहताश ने बताया कि कैंटर व बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।  

Deepak Paul