विदेश भेजने के नाम पर 14 लाख की धोखाधड़ी, 7 लोगों पर मामला दर्ज

2/11/2019 12:31:41 PM

पिहोवा(बंसल): एक व्यक्ति को विदेश जाने की चाह में जहां जेल में रहना पड़ा, वहीं उसके 14 लाख रुपए एजैंटों ने हड़प लिए तथा उसके पासपोर्ट पर 2 साल का बैन लगा और 1,800 यूरो जब्त कर लिए। पिहोवा निवासी प्रेम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि कुलदीप सिंह निवासी करनाल, मनप्रीत सिंह, अमनदीप सिंह, परम ढिल्लों, उसकी पत्नी, मनदीप व कुनाल ने 14 लाख रुपए लेकर पहले फ्रांस भेजने की बात की।

फिर फर्जी वीजा के सहारे उसे फीनलैंड भिजवा दिया। अगले दिन फीनलैंड पुलिस ने वीजा शो नहीं होने के चलते उसे काबू कर जेल भेज दिया। 28 मार्च, 2018 को फीनलैंड पुलिस ने उसे रिहा कर भारत भेज दिया तथा उसके पासपोर्ट पर 2 साल का बैन भी लगा दिया। प्रेम सिंह ने बताया कि विदेश जाते समय वह अपने साथ 1,800 यूरो लेकर गया था जोकि वहां की पुलिस ने जब्त कर लिए। भारत वापस आने पर जब उसने उक्त लोगों से अपने 14 लाख रुपए वापस मांगे तो उन्होंने रुपए देने से मना करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने फर्जी वीजा लगाकर 14 लाख रुपए हड़पने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में महिला सहित 7 लोगों के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 406, 420 व 506 के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

Deepak Paul