स्वाइन फ्लू के 6 सैम्पल में 2 पॉजीटिव

1/12/2019 1:51:41 PM

थानेसर(नरुला): जिले में स्वाइन फ्लू की दहशत लोगों के मन में छा गई है। जिले में अभी तक 6 सैम्पल में से 2 की पुष्टि विभाग ने की है जिसमें अमीन से जिस मरीज को स्वाइन फ्लू की शिकायत बताई गई, अब वह पहले से स्वस्थ बताया जा रहा है, जबकि दूसरी शहर की एक महिला का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। इसकी पुष्टि जिला मलेरिया अधिकारी डा. सुदेश सहोता ने की है। उन्होंने बताया कि लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। इस बीमारी के प्रति विभाग ने कमर कसी हुई है। लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि गांव-दर-गांव आशा वर्कर, ए.एल.एम. व विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाई जा चुकी हैं। 

इसके लक्षणों में तेज बुखार, गले में दर्द, गले से खून आना व चक्कर आना इत्यादि हैं। ज्यादा तेज बुखार आने पर मरीज को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए। एहतियात के तौर पर व लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की ओर से शहर व गांवों के अस्पतालों में फ्लैक्स बोर्ड लगवा दिए हैं। ऐसे मरीजों को मास्क डलवाना आवश्यक है क्योंकि उनकी खांसी से इसके फैलने का भय बना रहता है। 

डा. सहोता ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अस्पताल में दवाई की कमी नहीं है व किट भी मौजूद है जो समय रहते ही खरीद ली थीं। शुक्रवार को एल.एन.जे.पी. अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के ए.सी.एस. राजीव अरोड़ा ने औचक निरीक्षण किया। ए.सी.एस. ने कहा कि एल.एन.जे.पी. अस्पताल की व्यवस्था संतोषजनक है लेकिन फिर भी सुधार की जरूरत है। स्वाइन फ्लू के कुछ मामले पहले हिसार में प्रकाश में आए थे तो कुरुक्षेत्र में भी 2 मामले पॉजीटिव मिले हैं।

Deepak Paul