इनैलो से निकाले जाने के बाद थोड़े से समय में पार्टी बना गए दुष्यंत

12/10/2018 11:39:58 AM

चंडीगढ़(बंसल): इनैलो से निकाले जाने के बाद दुष्यंत के लिए नई पार्टी का गठन करना एक बहुत बड़ी चुनौती था लेकिन थोड़े समय में ही उन्होंने नई पार्टी का गठन करके जहां अपने जनाधार का प्रदर्शन कर दिया, वहीं प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी नई चुनौती खड़ी कर दी। जींद रैली पर सभी दलों की निगाहें टिकी थीं और इसी रैली पर दुष्यंत का भविष्य भी टिका हुआ था लेकिन रैली की सफलता के चलते अब हर दल को अपनी रणनीति नए सिरे से तय करनी पड़ेगी। रैली की सफलता से उत्साहित दुष्यंत समर्थक अब जोर-शोर से अगले अभियान में जुट जाएंगे, क्योंकि रैली से पूर्व उन्हें भी रैली की सफलता पर कुछ संदेह था लेकिन समर्थकों की मानें तो दुष्यंत ने अपने बूते जिस तरह रैली में भीड़ जुटाई और नई पार्टी का गठन किया, उससे अब प्रदेश के लोग उनके साथ जुडऩा शुरू कर देंगे। जींद में प्रदेश की सियासत में दुष्यंत चौटाला एक बड़े स्तंभ बनते हुए नजर आए। दुष्यंत के लिए जननायक जनता पार्टी के ऐलान का इससे बेहतर स्थान और बेहतर माहौल कहीं और नहीं हो सकता था।

दुष्यंत ने युवाओं, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों, कर्मचारियों और महिलाओं को लेकर जिस तरह से बेहद महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए उनके निदान का भरोसा दिलाया वह यह दिखाता है कि दुष्यंत हर विषय पर पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहे हैं और लंबी पारी खेलने के लिए तैयार हो चुके हैं। दुष्यंत की जननायक जनता पार्टी अपने आगाज के साथ ही यह इशारा कर गई है कि वह आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में दूसरे दलों को बड़ी चुनौती देने का काम करेगी। अब देखना यही है कि दुष्यंत रैली की सफलता के बाद किस तरह प्रदेश की जनता का विश्वास हासिल करते हैं और सत्ता की दावेदारी पेश करते हैं।

Rakhi Yadav