भाजपा सासंद बोले, गुजरात में दंगों के लिए जाट जिम्मेदार

8/28/2015 9:43:21 AM

कुरुक्षेत्र (धमीजा): भाजपा सांसद एवं ओ.बी.सी. ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने कहा कि देश में कानून व संविधान को लांघकर मोर्चाबंदी कर सरकार और जनता को परेशान करने वाले लोग राष्ट्रहितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि मुट्ठीभर दबंग लोग शासन-प्रशासन पर दबाव बनाकर जनता के लिए परेशानी खड़ा करना चाहते हैं जिसको ओ.बी.सी. समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। वे सैक्टर-3 में ओ.बी.सी. प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे।

सांसद ने गुजरात में पटेल समुदाय द्वारा ओ.बी.सी. आरक्षण के लिए आंदोलन के दौरान हुई हिंसा पर अफसोस जताया और इस निंदनीय करार देते हुए कहा कि देश-प्रदेश में ओ.बी.सी. के हकों पर डाका डालने की शुरुआत हरियाणा से हुई। हरियाणा के जाटों की देखादेखी देश में अन्य समुदाय उनका अनुसरण कर ओ.बी.सी. में घुसने की मांग कर रहे हैं। परिणामस्वरूप देश की शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात में आंदोलन के नाम पर जो हिंसा और अशांति फैली है, उसके लिए सीधे तौर पर वे जाट नेता जिम्मेदार हैं जो हाथों तंगली, जैली और हथियार उठाकर सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर जाटों को आरक्षण देना है तो पंजाबी, ब्राह्मण और बनियों व राजपूतों में क्या बुराई है।

30 अगस्त को सफीदों में गरजेंगे सांसद
ओ.बी.सी. ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल राठी ने बताया कि 30 अगस्त को सफीदों में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें टोल फ्री नम्बर व ब्रिगेड के ध्वज का लोकार्पण किया जाएगा।