‘दबंगों’ ने किया विधवा महिला और बेटियों का जीना मुश्किल

8/29/2015 1:02:49 PM

बाबैन (सोहन): थाना बाबैन के गांव खैरा निवासी विधवा महिला, उसकी 4 बेटियां व 1 बेटा कुछ ‘दबंगों’ द्वारा जान-बूझकर किए जा रहे लड़ाई-झगड़े के कारण दहशत और भय में जीने को मजबूर हैं।

महिला ने बताया कि कई साल पहले गांव में स्थित पाल गडरिया धर्मशाला के साथ लगती कुछ जमीन तत्कालीन पंचायत ने उन्हें दी थी। इस जमीन में उन्होंने कच्चा मकान बनाया हुआ था जो बारिश में टपकता था। एक कमरा और डालने के लिए निर्माण कार्य शुरू किया ही था कि ‘दबंगों’ ने हमला कर कई बार मिस्त्री और मजदूरों को भगा दिया।

पीड़िता ने बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद उनकी ही बिरादरी के कुछ लोग उस पर व उसकी बेटियों पर बुरी नजर रखने लगे और विरोध करने पर कई बार परिवार पर हमले भी किए। इतना ही नहीं उनके घर आने वाले रिश्तेदारों को ‘दबंग’ बख्शते नहीं हैं। कई बार तो रात के समय ‘दबंग’ जबरन उनके घर में घुसकर उन्हें परेशान करते हैं और उसकी बेटियों पर बुरी नीयत रखते हैं। पुलिस व प्रशासन को कई बार इस बारे अवगत करवाया परंतु कोई नतीजा नहीं निकला।

घर में रक्षाबंधन के चलते आई महिला की ननद ने बताया कि ‘दबंगों’ ने इस झगड़े के चलते उससे भी मारपीट की जिससे उसका सिर फट गया। ‘दबंगों’ ने रात में उस पर हमला किया जिससे उसके सिर में गम्भीर चोटें आई हैं।

ननद ने बताया कि उसके भाई की मौत के बाद वह अपने भतीजे को रक्षाबंधन पर राखी बांधती है। इस बार पड़ोसियों ने उनके साथ कलह कर दिया। उन्होंने ‘दबंगों’ द्वारा की मारपीट व वारदातों का मैडीकल भी करवाया हुआ है।