बारिशों से पहले ड्रेनों की सफाई करें सुनिश्चित : सी.एम. खट्टïर

6/14/2019 9:50:21 AM

कुरुक्षेत्र(धमीजा): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि बरसातों से पहले सभी ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का कार्य पूरा किया जाना चाहिए। समय रहते सफाई के कार्य को जिले के अधिकारी पूरा करवाना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी आस-पास के जिलों से तालमेल बनाकर रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े। यमुनानगर और करनाल में अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसा जाए और खनन के लिए लाइसैंस धारकों से भी नियमों की पालना करवाई जाए। इस मामले में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। 

मुख्यमंत्री ने हिमाचल के साथ लगते क्षेत्र में अवैध खनन चैक करने के आदेश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री चंडीगढ़ से वी.सी. के जरिए अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों से बाढ़ राहत से बचाव कार्यों, गर्मी के सीजन में पीने के पानी और सिंचाई विभाग की चल रही 167 लघु प्रोजैक्ट की फीडबैक रिपोर्ट हासिल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से बचाव से सम्बन्धित चल रहे सभी प्रोजैक्ट को निर्धारित समयावधि में पूरा करने का प्रयास किया जाए।
 
शहरों में नाले-नालियों और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त रखें। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डी.सी. को स्पष्टï आदेश दिए कि गर्मी के सीजन में बिजली और पीने के पानी की व्यवस्था पर पूरा फोकस रखा जाए। किसी भी जिले से दोनों मामलों में रत्तिभर भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 जून को 5वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। राज्यस्तरीय कार्यक्रम रोहतक में मनाया जाएगा।

सभी विधानसभा क्षेत्रों के मुख्यालयों पर भी योग दिवस को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम में कम से कम 5,000 लोगों की हाजिरी सुनिश्चित की जाए। योग दिवस को सफल बनाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस, होमगार्ड, स्कूल-कालेजों के विद्यार्थी, गुरुकुल, पतंजलि योगपीठ तथा सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। इस मौके पर डी.सी. डा. एस.एस. फुलिया, ए.डी.सी. पार्थ गुप्ता, एस.डी.एम. अश्विनी मलिक, अनिल यादव, निर्मल नागर, संयम गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

kamal