बोलैरो पेड़ से टकराई, 3 कांवड़िए गम्भीर रूप से घायल

7/22/2017 2:39:32 PM

लाडवा: लाडवा-रादौर मार्ग पर बन मोड़ के पास गत सुबह कांवड़ियों की महिंद्रा बोलैरो संतुलन बिगडऩे से सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई जिससे 3 कांवड़िए गम्भीर रूप से घायल हो गए, जबकि 2-3 को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल कांवड़ियों को लाडवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया जहां से गम्भीर रूप से 3 घायल कांवड़ियों को कुरुक्षेत्र रैफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार शाहाबाद के गांव गुमटी के विशाल शर्मा, अमित, साहिल सहित 6-7 युवक बोलैरो किराए पर करके हरिद्वार से गंगाजल लेने गए थे। जब वह लौट रहे थे तो गांव बन मोड़ के पास ड्राइवर को नींद की झपकी आने से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया तथा यह सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर लगने से गाड़ी चालक कुलदीप उर्फ टोनी सहित विशाल शर्मा, अमित गम्भीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।