हमले में घायल हुए BPSO अध्यक्ष की पी.जी.आई. में मौत

5/23/2019 1:37:42 PM

कुरुक्षेत्र (ब्यूरो): कु.वि. कैम्पस में गत दिनों 2 कारों में आए हथियारों से लैस युवकों ने रंजिश के चलते बी.पी.एस.ओ. के अध्यक्ष अनीश बंसल को कातिलाना हमला कर घायल कर दिया था। उसे उपचार के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया था जहां उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में परीक्षाएं चल रही थीं।  गत सोमवार को बी.फार्मेसी अंतिम वर्ष का छात्र अनीश भी परीक्षा देने विश्वविद्यालय में आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12.30 बजे घर की ओर जा रहा था।

इसी बीच 2 कारों में आए करीब 10-12 छात्रों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया था। उसकी बुलेट बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी थी। इस हमले में अनीश गम्भीर रूप से घायल हो गया था। वारदात को अंजाम देकर हमलावर हथियारों सहित कार में फरार हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य छात्रों ने अनीश को एल.एन.जे.पी. अस्पताल में दाखिल करवाया था जहां डाक्टरों ने पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया था।  यह घटना गत 21 मई की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार घायल छात्र ने पी.जी.आई. में दम तोड़ दिया है। मामले की जानकारी मिलते ही थर्ड गेट चौकी पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।

Isha