भाजपा चाहे तो 2 घंटे में सलाखों के पीछे होंगे हुड्डा: चौटाला

10/6/2016 3:16:47 PM

बाबैन (रामकुमार): नेता प्रतिपक्ष व विधायक अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर पूर्व सी.एम. हुड्डा को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हुड्डा के विरुद्ध भ्रष्टाचार के अनेक केस दर्ज होने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही इससे साबित होता है कि भाजपा नेता पूर्व सी.एम. से मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा चाहे तो हुड्डा को 2 घंटे के अंदर सलाखों के पीछे भेज सकती है। अभय चौटाला बुधवार को बाबैन नई अनाजमंडी में धान की फसल का निरीक्षण करने उपरांत तरसेम सिंह व साहब सिंह आढ़ती की दुकान पर लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। 

 

उन्होंने कालेधन को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा भाजपा ने मात्र 100 दिन के अंदर काले धन को वापस लाकर लोगों में बांटने का नारा दिया था। जोकि मात्र वोट हथियाने का जरिया था। उन्होंने कहा सरकार आज अपने चहेते पूंजीपतियों को छोड़कर किसानों के घरों में काला धन ढूंढ रही है।

 

चौटाला ने कहा यदि किसानों के पास काला धन होता तो किसान कर्जे की वजह से आत्महत्या करने को मजबूर नहीं होता। भाजपा सरकार ने आयकर विभाग से मिलीभगत करके प्रदेश के करीब 18,000 किसानों को नोटिस दिए हैं जोकि भाजपा का किसान विरोधी होने का सबूत है।