पुलिस नहीं, ये है मौत की भर्ती : विशाल

6/26/2016 3:54:53 PM

कुरुक्षेत्र: कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष विशाल सिंगला ने पुलिस भर्ती के दौरान अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाले आवेदकों की मौत का जिम्मेदार भाजपा सरकार को ठहराया। 

 

उन्होंने कहा कि आज तक ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई जिसमें जून में तपती गर्मी और पक्की सड़कों पर आवेदकों को 25 मिनट में 5 कि.मी. नंगे दौड़ाया गया हो। आखिर ये पुलिस भर्ती करवाने में भाजपा सरकार का क्या मकसद है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस नहीं, मौत की भर्ती करवा रही है। प्रदेश सरकार को पुलिस भर्ती के लिए रिहायशी क्षेत्र को नहीं चुनना चाहिए। पुलिस भर्ती के लिए जिलेवार केंद्र बनवाने चाहिएं। 

 

गौरतलब है कि गत 15 जून से चल रही पुलिस में भर्ती होने के लिए दौड़ लगाना 2 नवयुवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। अब तक दौड़ लगाते हुए गिरने वालों का आंकड़ा 250 के करीब पहुंच चुका है, लेकिन हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने इससे कोई सबक नहीं लिया। इस लापरवाही के कारण 2 परिवारों के जलते चिराग बुझ गए।

 

प्रशासन भी मौत का जिम्मेदार
विशाल ने प्रशासन को भी 2 युवकों की मौत का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन भर्ती के दौरान ढील दिखा रहा है। भर्ती में आए युवकों के लिए किसी प्रकार की उचित व्यवस्था नहीं की। पीने के पानी का भी उचित प्रबंध नहीं किया गया, जिस कारण भर्ती में आए प्रतिभागी गर्मी में प्यासे रहे।

 

सैक्टरवासियों को भी उठानी पड़ रही मुसीबत
पुलिस भर्ती के कारण सैक्टरवासियों को भी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। भर्ती में हिस्सा लेने आए आवेदकों ने सैक्टर के पार्कों और घरों के सामने बनी ग्रीन बैल्ट को भी खराब कर दिया। चारों तरफ गंदगी ही गंदगी दिखाई देती है। आवेदकों के ठहराव की व्यवस्था न होने के कारण वे सड़कों और ग्रीन बैल्ट में ही लेट जाते हैं, जिससे अव्यवस्था फैल गई है।