हरियाणवी संस्कृति को जिंदा रखने वाली युवा पीढ़ी पर सभी को गर्व : बेदी

10/25/2016 3:32:40 PM

कुरुक्षेत्र (धमीजा): हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हरियाणा की युवा पीढ़ी रत्नावली के माध्यम से हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को जिंदा रखने का काम कर रही है। ऐसी पीढ़ी पर प्रदेश के हर व्यक्ति को गर्व है। वे सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की ओर से आडिटोरियम हाल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा ने उनका स्वागत किया व यादगार स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया।

 

बेदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का रत्नावली महोत्सव देश व प्रदेश में इस विश्वविद्यालय की एक पहचान है। यह गर्व की बात है कि यह विश्वविद्यालय पिछले 32 वर्षों से इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रहा है। उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा, कुलसचिव डॉ. प्रवीण कुमार सैनी, युवा सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. सी.डी.एस. कौशल की सराहना की।