स्कूलों में मनाया जन्माष्टमी पर्व...राधा-कृष्ण की वेशभूषा में दिखे नन्हें-मुन्हें बच्चे (Watch Pics)

8/25/2016 12:04:25 PM

कुरुक्षेत्र (विनोद खुंगर):  भगवान श्री कृष्ण के श्री मुख से उत्पन्न हुई पावन श्री गीता की जन्मस्थली और महाभारत के युद्ध की साक्षी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को हर तरफ हर्षोल्लास तथा श्रद्धा से मनाया जा रहा है। नगर के विभिन्न स्कूलों में तो विशेष जन्माष्टमी महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 

 

स्कूली बच्चों द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा  है कि यहीं वृन्दावन है और यहीं मथुरा है। भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव अवसर पर विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा भव्य जन्माष्टमी महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों ने जहां इन कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभाओं को प्रदर्शित किया वहीं उनकी भगवान श्री कृष्ण के प्रति आस्था देखते ही बनती थी। 

 

स्कूलों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में स्कूल के नन्हे बच्चों में कोई नन्हा माखन चोर कृष्ण बना, कोई मधुर बांसुरी बजाता कृष्ण, कोई बाल सखा सुदामा के साथ कृष्ण तो कोई मीरा और कोई वासुदेव। ऐसा प्रतीत होता था कि चारों ओर वातावरण ही भगवान श्री कृष्णमय हो गया है। इसी अवसर पर स्कूल के सीनियर विद्यार्थियों ने रास लीलाएं प्रस्तुत की अौर विभिन्न नृत्यों की भी प्रस्तुति की गई।