भाजपा प्रदेश में करवा रही समान विकास : बेदी

7/24/2017 3:36:26 PM

कुरुक्षेत्र(धमीजा):सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार पार्टी बाजी की राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने में काफी काम किया है। यह सब कार्यकर्त्ताओं की मेहनत के बूते ही संभव हो पाया है। शाहाबाद हलके के 108 गांवों में समान रूप से कार्य करवा रहे हैं। राज्यमंत्री हिंगाखेड़ी में आयोजित सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने शाहाबाद हलके की उपेक्षा की लेकिन अब भाजपा सरकार में सभी गांवों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। शाहाबाद क्षेत्र मैडीकल का हब बन चुका है। क्षेत्र में मीरी-पीरी मैडीकल कालेज व आदेश मैडीकल कालेज स्थापित होने से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। 

राज्यमंत्री ने 25 लाख 80 हजार रुपए के विकास कार्यों का उद्घाटन भी किया। उन्होंने हिंगाखेड़ी से उदारसी जाने वाली सड़क का शुभारम्भ किया। गांव के सरपंच दरबारा सिंह ने अपने साथियों के साथ इनैलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। राज्यमंत्री ने उनका फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। सरपंच ने गांव में नालियां व फिरनी, सामुदायिक केंद्र व स्कूल में कमरे बनवाने की मांग रखी। राज्यमंत्री ने गांव को खुले से शौच मुक्त होने पर 12 सदस्यों की टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मंच का संचालन पृथ्वी पाल सिंह ने किया। कार्यक्रम को सरपंच दरबारा सिंह व जिला महामंत्री रविंद्र सांगवान ने संबोधित किया।