जम्मू में शहीद हुए जवान का आखिरी फोन, ''लो सुन लो मेरी अावाज, मना रहा हूं दिवाली'' (Watch Pics)

10/24/2016 12:39:26 PM

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोड): हरियाणा के कुरुक्षेत्र पिहोवा इलाके के रहने वाले हेड कांस्टेबल सुशील कुमार जम्मू में शहीद हो गए, जिसके चलते पूरे परिवार में मातम छा गया है। 

मिली जानकारी के अनुसार फायरिंग के दौरान BSF के जवान को सीने के ऊपरी हिस्से में गोली लगी थी। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते आज उनका पोस्टमार्टम होगा, उसके बाद जवान को आखिरी सलामी दी जाएगी।

शहीद होने से पहले परिवार को आखिरी फोन
शहीद सुशील कुमार के घर लोगों की भीड़ इकट्ठी होनी शुरू हो गई है। आस-पास के लोग व रिश्तेदार घर पहुंचे। इसके साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी भी घर पहुंचे। जम्मू के आर.एस.एस सैक्टर में शहीद हुए सुशील ने अपनी माता और परिवार के सदस्यों को बताया कि मां मैं दिवाली मना रहा हूं लो सुन लो आवाज। 

परिवार के सदस्यों के अनुसार उन्होंने करीब 12 बजे परिवार से बात की थी और पाकिस्तान के साथ दिवाली के पटाखे बजाने की बात कही थी। वहीं, सुशील के शहीद होने की सूचना पर परिवार में मातम का माहौल है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। शहीद सुशील के परिवार में 2 भाई, मां, पत्नी और 2 बच्चे हैं। उनकी शहादत पर सभी गर्व महसूस कर रहे हैं।