CBSE 12वीं का रिजल्ट घोषित, देश भर में Second आई हरियाणा की बेटी पलक

5/21/2016 2:03:02 PM

कुरुक्षेत्र: पिहोवा के टैगोर स्कूल की विद्यार्थी पलक गोयल के घर पर इस समय जश्न का माहौल है। जी हां, हरियाणा की बेटी पलक गोयल ने CBSE 12वीं में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।  

 

पलक के पिता ने बताया कि उनको अपनी बेटी पर गर्व है और उनकी बेटी ने उनका नहीं बल्कि सारे प्रदेश का नाम रोशन किया है और स्कूल प्रबंधन ने भी इस छात्रा को विशेष तौर पर सम्मानित करने की घोषणा की है और स्कूल की और से एक लाख रुपए देने की घोषणा की है। दिल्ली के मोंटफोर्ट स्कूल की सुकृति गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर सी.बी.एस.ई. कक्षा 12वीं परीक्षा को टॉप किया है। वहीं पहले 3 स्थानों पर लड़कियों ने बाजी मारी है।

 

ये परिणाम बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर दोपहर 12 बजे घोषित हुआ। 

आपको बता दें कि 12वीं की परीक्षा 1 मार्च से लेकर 26 अप्रैल 2016 तक आयोजित की गई थी। यह दूसरा वर्ष है जब सी.बी.एस.ई ने सभी 10 क्षेत्रों के रिजल्ट एक ही दिन घोषित किए हैं।

 

लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने बेहतर प्रर्दशन किया है। लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.85 फीसद रहा जबकि लड़कियों का प्रतिशत 88.58 का रहा। सभी क्षेत्रों में तिरुवंतंपुरम क्षेत्र में सर्वाधिक 97.61 फीसद छात्र उत्तीर्ण हुए जिसके बाद चेन्नई का नंबर रहा जहां का परिणाम 92.63 फीसद रहा।