किसान खेती के साथ अपनाएं आय के अन्य साधन : बीरेंद्र

8/7/2017 12:54:59 PM

पिहोवा(वधवा):केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान परिवेश में किसानों को खेती के साथ व्यापार व अन्य धंधों से जुड़ना चाहिए ताकि उसकी आमदनी के जरिए में और अधिक इजाफा हो सके। केंद्रीय मंत्री पिहोवा के निजी पैलेस में आयोजित किसान सम्मेलन को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश बदलाव की ओर तेजी से जा रहा है। किसान या खेती से जुड़े हर व्यक्ति को इस बदलाव में जुडऩे की जरूरत है। परिवार में सभी व्यक्तियों की बजाय एक व्यक्ति खेती करे और अन्य किसी दूसरे काम-धंधे में कार्य करें जिससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से सक्षम होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले समय में किसान की आमदनी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में कार्य भी किया जा रहा है। 

मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने किसानों के लिए धरातल पर योजनाएं लागू की हैं। यूरिया की कालाबाजारी खत्म करके सबसिडी सीधा किसान के खाते में डालकर भ्रष्टाचार समाप्त करने का कार्य वर्तमान सरकार ने किया है। नोटबंदी के ऐतिहासिक फैसले से जहां गरीब का भला हुआ है, वहीं काले धन पर भी अंकुश लगा है। पूर्व में बुढ़ापा पैंशन में बहुत ज्यादा भ्रष्टाचार होता था। सरकार ने पैंशनधारकों के खाते में सीधा पैसा डालने का फैसला लिया जिससे हर वर्ष लगभग 400 करोड़ रुपए की बचत हुई है। पहले यह पैसा अपात्र व्यक्तियों के खाते में जाता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। हर वर्ग के लिए नई-नई योजनाएं हरियाणा में लागू की जा रही हैं। 

प्रदेश को कैरोसिनमुक्त किया और कैरोसीन की कालाबाजारी को पूर्ण रूप से समाप्त किया। वर्तमान सरकार के ऐतिहासिक फैसलों से गांव की जिंदगी तथा किसान की जिंदगी में परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि जाति-पाति व धर्म से ऊपर उठकर कार्य करें और प्रधानमंत्री के साथ सच्चे मन से जुड़ें। थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह हमेशा किसानों के हितों के लिए लड़े हैं। वर्तमान सरकार ईमानदारी से किसानों के हित में कार्य कर रही है। 

प्रदेश में पहली बार एक हजार 92 करोड़ रुपए का मुआवजा किसानों को उनकी फसल खराब होने पर बांटा गया है। प्रधानमंत्री मोदी हर घर को छत देने के लक्ष्य पर चल रहे हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए ऑनलाइन सिस्टम अपनाया जा रहा है जिससे पात्र व्यक्ति को ही सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम के आयोजक राजेंद्र बाखरी ने केंद्रीय मंत्री सहित अन्य गण्यमान्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह पूरे देश में किसानों की आवाज हैं। किसानों के हितों के लिए वे दिन-रात लगे रहते हैं।