आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परिजनों ने शव को मेन चौक पर रख लगाया जाम

5/2/2017 12:32:42 PM

पिहोवा(बंसल):गत दिवस नंद कालोनी नं. 2 में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत के मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर मृतका के परिजनों ने मेन चौक पर शव को रख लगभग एक घंटे तक जाम लगाए रखा। जाम की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. धीरज कुमार, थानाध्यक्ष प्रतीक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद मृतका के परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया। इस दौरान चौक पर चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। 

मृतका सीमा के भाई सन्नी चोपड़ा ने बताया कि उसकी बहन की शादी लगभग 16 वर्ष पहले गुमथला गढ़ू निवासी संदीप के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन के पास 13 वर्षीय लड़का व 10 वर्षीय लड़की है। सन्नी चोपड़ा के अनुसार संदीप नशे का आदि है जो अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता है। पिछले एक वर्ष उसकी बहन उसके जीजा से अलग नंद कालोनी में रह रही थी तथा गुरुद्वारा रोड पर अपना बुटीक चलाकर अपना गुजारा करती थी। सन्नी के अनुसार उसकी बहन के दोनों बच्चों को उसके जीजा ने अपने पास रखा हुआ था। जो उन्हें उनसे मिलने भी नहीं देता था। रविवार को बुटीक बंद होने के कारण उसकी बहन घर पर ही थी। बाद दोपहर जब वह घर पहुंचा तो देखा कि उसकी बहन की चुन्नी का एक हिस्सा पंखे पर लटाकर, दूसरा हिस्सा उसके गले में डाला हुआ था, जिस कारण उसकी मौत हुई। सन्नी चोपड़ा के अनुसार कमरे की कुंडी टूटी हुई थी व सामान बिखरा हुआ था। उसने आरोप लगाया कि उसके जीजा संदीप ने ही उसकी गैर-मौजूदगी में उसकी बहन की हत्या के शव को पंखे से लटका दिया। 

थानाध्यक्ष प्रतीक कुमार ने बताया कि उन्होंने गत दिवस सन्नी चोपड़ा की शिकायत पर उसके जीजा संदीप के खिलाफ भा.द.स. की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।