स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बाज सिंह की कार्यशैली से नाराज होकर किया प्रदर्शन

10/8/2019 1:05:56 PM

पिहोवा (किशोर) : गत 4 अक्तूबर को एस.एम.ओ. पिहोवा डा. अजय शेर व कुरुक्षेत्र सरकारी अस्पताल में सहायक के पद पर कार्यरत बाज सिंह के बीच हुई कहासुनी व मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बता दें कि बाज सिंह द्वारा इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों को करने के साथ साथ पुलिस को भी लिखित शिकायत दी गई थी। 

दूसरी ओर सोमवार को पिहोवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने बाज सिंह की कार्यशैली से नाराज होकर प्रदर्शन किया तथा उस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद एस.एम.ओ. पिहोवा ने उक्त कर्मचारी के खिलाफ पिहोवा थाने में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बाज सिंह द्वारा दी गई शिकायत पर जांच करने कुरुक्षेत्र के डिप्टी सी.एम.ओ. कृष्ण मलिक सोमवार को पिहोवा अस्पताल में आए थे, जिसकी पुष्टि स्वयं एस.एम.ओ. डा. अजय शेर ने भी की है लेकिन उनका कहना है कि डिप्टी सी.एम.ओ. उनके खिलाफ दी गई शिकायत की जांच बाबत नहीं बल्कि बाज सिंह द्वारा दी गई अपनी शिकायत को वापस लेने की बात करने आए थे। डिप्टी सिविल सर्जन डा. कृष्ण मलिक का कहना है कि वे सोमवार को पिहोवा गए ही नहीं। यह मामला सी.एम.ओ. डा. सुखबीर देख रहे हैं। आप इस बारे उनसे ही पूछ सकते हैं। 

Isha