विदेशों में बैठे भारतीय अपने देश के विकास में योगदान दें : दुष्यंत

10/21/2017 2:58:13 PM

कुरुक्षेत्र(खुंगर): देश के युवा सांसद एवं इनैलो के युवा नेता दुष्यंत चौटाला की अमरीका के विभिन्न राज्यों में व्यवसाय कर रहे प्रमुख व्यवसायी एवं अप्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी से विशेष मुलाकात हुई। दुष्यंत ने जोशी की उपलब्धियों के लिए सराहना की और कहा कि उन्हें इस बात की खुशी मिलती है, जब कोई भारतीय विदेश की धरती पर जाकर उन्नति करता है। उन्होंने कहा कि वह अक्सर देश की संसद में लोकसभा में इस बात की चर्चा करते हैं कि आज देश को अगर किसी चीज की सबसे अधिक जरूरत है तो वह है युवाओं को रोजगार की। 

चौटाला ने कहा कि अगर युवाओं के पास रोजगार के अवसर होंगे तो देश अपने आप ही उन्नति करेगा। दुष्यंत ने जोशी से कहा कि वह अमरीका सहित अन्य देशों में बैठे अपने साथियों के साथ चर्चा अवश्य करें कि वह युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे भारतीयों को अपने देश के विकास में योगदान देना चाहिए। जोशी ने दुष्यंत को बताया कि उनका उद्देश्य भी हर समय भारतीयों तथा अपने देश के सहयोग के लिए रहता है। 

उन्होंने बताया कि अमरीका में तो हमने अपने साथियों के साथ मिलकर अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं के माध्यम से संसार के विभिन्न देशों में बैठे अप्रवासी भारतीयों को जोडऩे का काम ही नहीं किया, बल्कि भारतीय त्यौहारों को भी मिलकर भारतीय संस्कृति के अनुसार मनाने का काम किया। जोशी ने कहा कि भारतीय युवाओं को भी प्रतिभा के अनुसार रोजगार से जोडऩा चाहिए लेकिन दुख है कि भारतीय युवा नशे की ओर जल्द आकर्षित होता है। उन्होंने कहा कि विदेशों में बैठे भारतीय भी अपने देश का विकास ही चाहते हैं।